

धमतरी, 30 मार्च (हि.स.)। कुरुद ब्लाक के सेंट आंस इंग्लिश मीडियम स्कूल बंजारी के स्कूल प्रबंधन 30 मार्च को कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर कुरूद ब्लाक के ग्राम बंजारी में स्थित डामर प्लांट से निकलने वाला धुआं को विद्यार्थियों की सेहत के लिए खतरनाक बताकर इसे अन्यत्र हटाने की मांग की है, क्योंकि समय-समय पर जब आंधी-तूफान होने पर धुआं का रूख सीधे स्कूल की ओर आता है, इससे स्कूल परिसर में धुआं की बदबू भर जाता है। विद्यार्थियों के साथ शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं ग्रामीण भी परेशान है।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा को सौंपे ज्ञापन में सेंट आन्स इंग्लिश मीडियम स्कूल बंजारी की प्राचार्य व पदाधिकारियों ने आरोप लगाते हुए बताया है कि सुबह स्कूल लगने के समय और दोपहर में छुट्टी के दौरान धुएं का प्रभाव सबसे अधिक देखा जाता है। बच्चों को आंखों में जलन, सांस लेने में तकलीफ और सिरदर्द जैसी समस्याएं डामर प्लांट के धुआं से होने लगी हैं। कई अभिभावकों ने बताया कि उनके बच्चे घर लौटने के बाद लगातार खांसी और बेचैनी की शिकायत कर रहे हैं। अभिभावकों का कहना है कि उन्होंने कई बार प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय निवासियों और पालकों ने भी इस मुद्दे को लेकर विरोध जताया है। उनका कहना है कि डामर प्लांट न केवल स्कूल के लिए बल्कि पूरे क्षेत्र में रहने वाले ग्रामीणों के लिए खतरा बन चुका है। पर्यावरण नियमों की अनदेखी करते हुए प्लांट का संचालन किया जा रहा है। अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
300 मीटर की दूरी पर डामर फैक्ट्री
प्राचार्य जैसीफ, सहायक शिक्षक वेदप्रकाश साहू ने बताया कि स्कूल में कक्षा नर्सरी से 10 वीं तक 720 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत् है। इस स्कूल से 300 मीटर की दूरी पर डामर फैक्ट्री है। यही वजह है कि इस फैक्ट्री से निकलने वाला धुआं और धूल के कण से अध्ययनरत बच्चों एवं स्कूल में कार्यरत् शिक्षक-शिक्षिकाओं में सांस लेने, आंखों में जलन व खांसी जैसी समस्याओं से जूझना पड़ रहा है।
शिकायत मिली है, कुरुद एसडीएम करेंगे जांच
डिप्टी कलेक्टर मनोज मरकाम ने कहा कि स्कूल प्रबंधन से डामर प्लांट के प्रदूषण की शिकायत मिली है। शिकायत के आधार पर जांच के लिए कुरुद एसडीएम को चिन्हित किया गया है। जांच प्रतिवेदन के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
