-बरेली मंडल के मंडलायुक्त की अध्यक्षता में विशेष जांच दल का किया गठन

लखनऊ, 14 मार्च (हि.स.)। जनपद बदायूं स्थित सीबीजी (कम्प्रेस्ड बॉयो गैस) प्लांट में दोहरे हत्या प्रकरण के संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर बरेली के मंडलायुक्त की अध्यक्षता में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर शनिवार को पोस्ट कर कहा है कि मामले में त्वरित कार्रवाई की गई है और घटना की निष्पक्ष व पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर गठित एसआईटी घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच करेगी, ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही या संभावित साजिश की स्थिति सामने आने पर जिम्मेदार लोगों को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई की जा सके।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा है कि इस मामले में मुख्य आरोपित को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके बावजूद यदि जांच के दौरान किसी प्रकार की साजिश या अन्य आपराधिक संलिप्तता के संकेत मिलते हैं तो प्रदेश सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति अपनी जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
घटना के बाद प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए प्रशासन ने त्वरित कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर सीबीजी प्लांट परिसर की सुरक्षा बढ़ाते हुए वहां पुलिस चौकी की स्थापना कर दी गई है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की किसी भी घटना की आशंका को रोका जा सके और औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुखद घटना में प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती के साथ खड़ी है और न्याय सुनिश्चित करने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मामले की जांच पूरी गंभीरता के साथ की जाए तथा किसी भी दोषी को बख्शा न जाए।
उल्लेखनीय है कि 12 मार्च गुरुवार को दोपहर में प्लांट में घुस कर आरोपित ने प्लांट के उपमहाप्रबंधक सुधीर गुप्ता और सहायक मुख्य प्रबंधक हर्षित मिश्रा की हत्या कर दी थी। मुख्य आरोपित अजय प्रताप सिंह पुलिस थाने पहुंच कर सरेंडर कर चुका है। आरोपित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की जा रही थी।
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला
