बरेली, 21 फरवरी (हि.स.)। न्यायिक महकमे में बड़े प्रशासनिक बदलाव के तहत हाईकोर्ट ने जिला न्यायालय बरेली में अहम तबादले किए हैं। सिविल जज (सीनियर डिवीजन) रहे सुरेश कुमार दुबे को पदोन्नत कर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) बरेली नियुक्त किया गया है। उन्होंने पूर्व सीजेएम अलका पांडेय का स्थान लिया है। नए सीजेएम के पदभार संभालने के बाद अब लंबित आपराधिक मामलों और आर्थिक अपराधों की सुनवाई में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार, अब तक सीजेएम रहीं अलका पांडेय को अतिरिक्त सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट बनाया गया है। वहीं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सलोनी रस्तोगी को सिविल जज (सीनियर डिवीजन) के पद पर तैनात किया गया है।

इसके अलावा दीपक कुमार मिश्रा को अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। उन्हें भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 9(2) के तहत आर्थिक अपराधों से जुड़े मामलों की सुनवाई के लिए प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट की विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। माना जा रहा है कि इस फेरबदल से न्यायिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
