बरेली, 21 अप्रैल (हि.स.) । बरेली के सुभाष नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े एक महिला की हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना उस समय हुई जब महिला घर में अकेली थी और उसके बच्चे स्कूल गए हुए थे। पुलिस के अनुसार अज्ञात हमलावर घर में घुसा और महिला की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात का खुलासा उस समय हुआ जब घर पहुंची उसकी भांजी ने दरवाजा खोला और अंदर का दृश्य देखकर चीख उठी।

जानकारी के मुताबिक, मृतका गीता अपने दो बच्चों के साथ रहती थी, जबकि उसका पति सेना में तैनात होकर फिलहाल पंजाब में सेवा दे रहा है। घटना वाले दिन दोपहर में दोनों बच्चे स्कूल में थे और उन्हें लेने के लिए भांजी शीतल यादव गई हुई थी। वापस लौटने पर शीतल ने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर वह किसी तरह घर के अंदर पहुंची, जहां गीता का शव जमीन पर पड़ा मिला। यह दृश्य देखकर वह बदहवास हो गई और शोर मचाते हुए आसपास के लोगों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सुभाषनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में ले लिया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। प्रारम्भिक जांच में महिला की गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जिससे मौत के सही समय और कारणों का पता चल सकेगा।
घटना की गंभीरता को देखते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति घर में प्रवेश करता हुआ दिखाई दिया है। आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए हाथ में छाता ले रखा था और कंधे पर बैग भी टंगा हुआ था। पुलिस इसी हुलिए के आधार पर उसकी तलाश में जुट गई है।
मामले में मानुष पारीक (एसपी सिटी) ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपित की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सर्विलांस और मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर दिया गया है।
इधर, घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा और आरोपित को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
