बरेली, 26 फरवरी (हि.स.) । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उद्योगोन्मुखी सोच को आगे बढ़ाते हुए जिले में मिनी ऑयल फैक्ट्री स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नेशनल मिशन ऑन एडिबिल ऑयल (ऑयलसीड्स) योजना के तहत ऑयल एक्सट्रैक्शन यूनिट और मिनी यूनिट के लिए ऑनलाइन बुकिंग दोबारा खोल दी गई है। इच्छुक किसान और युवा 10 मार्च तक विभागीय पोर्टल https://agridarshan.up.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं।

उप कृषि निदेशक हिमांशु पांडेय ने बताया कि वर्ष 2025-26 के निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष आवेदन कम मिले थे। इस कारण कृषि निदेशालय के निर्देश पर पोर्टल पुनः सक्रिय किया गया है, ताकि पात्र लाभार्थियों को एक और मौका मिल सके। जिले में 10 टन क्षमता की एक ऑयल एक्सट्रैक्शन यूनिट, दो मिनी यूनिट और 69 तिरपाल का लक्ष्य तय किया गया है।

10 टन क्षमता की यूनिट के लिए 5,000 रुपये टोकन मनी निर्धारित की गई है। चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी ई-लॉटरी के माध्यम से होगी। मिनी ऑयल यूनिट की बुकिंग भी ऑनलाइन होगी, जबकि तिरपाल के लिए कोई टोकन मनी नहीं रखी गई है और इसका आवंटन पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। तिरपाल के लिए आवेदन 15 मार्च की रात 12 बजे तक मान्य रहेंगे।
योजना का उद्देश्य किसानों को केवल फसल उत्पादन तक सीमित न रखकर उन्हें प्रसंस्करण और उद्यमिता से जोड़ना है। तिलहन उत्पादन के साथ स्थानीय स्तर पर तेल निष्कर्षण इकाइयों की स्थापना से किसानों को बेहतर मूल्य मिलेगा और परिवहन लागत घटेगी। इससे ग्रामीण युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे और गांवों में कृषि आधारित उद्योगों को नई रफ्तार मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
