बलरामपुर, 30 जनवरी (हि.स.)। आकांक्षी विकासखण्ड शंकरगढ़ में सम्पूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा मौजूद रही। कार्यक्रम का उद्देश्य सम्पूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत निर्धारित संकेतकों में शत-प्रतिशत प्राप्त करने हेतु विभागीय समन्वय, जनभागीदारी एवं जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है।

विधायक उद्धेश्वरी पैकरा ने संबोधित करते हुए कहा कि सम्पूर्णता अभियान के प्रथम चरण में शंकरगढ़ के सभी विभागों ने आपसी समन्वय, कड़ी मेहनत और प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया, जिसके परिणामस्वरूप गोल्ड प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि उपलब्धि सभी अधिकारियों-कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है।
पैकरा ने कहा कि सम्पूर्णता अभियान 2.0 में भी सभी विभागों को उसी ऊर्जा, उत्साह और समर्पण के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे प्रतिदिन आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान हेतु निरंतर प्रयासरत रहती हैं। उन्होंने सभी विभागों को इसी भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्पूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत निर्धारित 6 प्रमुख संकेतकों की विस्तृत जानकारी दी गई। जिनका शत-प्रतिशत संतृप्तिकरण किया जाना है। जिसके अंतर्गत 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों को नियमित पूरक पोषण, आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों की माप दक्षता, आंगनबाड़ी केन्द्रों में कार्यशील शौचालय, आंगनबाड़ी केन्द्रों में पेयजल सुविधा, विद्यालयों में बालिकाओं हेतु पर्याप्त एवं कार्यशील शौचालय, पशुओं का एफएमडी टीकाकरण के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि वे आपसी समन्वय एवं जनभागीदारी के साथ कार्य करते हुए इन सभी संकेतकों में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करें।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा सम्पूर्णता अभियान 2.0 को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया। गौरतलब है कि संपूर्णता अभियान में निर्धारित संकेतकों में शत-प्रतिशत संतृप्ति के क्रियान्वयन के कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान जनपद पंचायत सीईओ शंकरगढ़ वेद प्रकाश पांडेय, सहित विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय
