बलरामपुर, 29 जनवरी (हि.स.)। सरगुजा ओलंपिक के अंतर्गत बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के विकासखण्ड राजपुर एवं वाड्रफनगर में विकासखण्ड स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आज भव्य शुभारंभ हुआ। पहले दिन खिलाड़ियों में खासा उत्साह और खेल भावना देखने को मिली।

सरगुजा ओलंपिक के तहत बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के विकासखण्ड राजपुर एवं वाड्रफनगर में विकासखण्ड स्तरीय प्रतियोगिताओं का भव्य शुभारंभ किया गया। राजपुर में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैंकरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता के प्रथम दिवस एथेलेटिक्स, खो-खो एवं कबड्डी स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में विभिन्न ग्रामों से आए पंजीकृत खिलाड़ियों ने उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ सहभागिता की।
एथेलेटिक्स प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी गति और शारीरिक क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, वहीं खो-खो और कबड्डी मुकाबलों में टीम वर्क और सामूहिक समन्वय देखने को मिला।शुभारंभ अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेलों को आपसी भाईचारे, अनुशासन एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ खेलने का संदेश दिया।
उल्लेखनीय है कि विकासखण्ड स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों का चयन आगामी जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। इससे ग्रामीण युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय
