कोलकाता, 14 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने बांग्लादेश के हादी हत्या मामले से जुड़े एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है, जो अवैध रूप से लोगों को भारत-बांग्लादेश सीमा पार कराने का काम करता था।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान फिलिप संगमा के रूप में हुई है। उसे शनिवार सुबह शांतिपुर बाईपास के पास एक इलाके से गुप्त सूचना के आधार पर पकड़ा गया।
जांच में सामने आया कि हादी हत्या मामले के दो आरोपित फैसल और आलमगीर से पूछताछ के दौरान पता चला था कि फिलिप नामक एक व्यक्ति ने उन्हें मेघालय के रास्ते भारत-बांग्लादेश सीमा पार कराने में मदद की थी। बाद में वह स्वयं भी अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर गया था।
प्रारंभिक पूछताछ में फिलिप संगमा ने स्वीकार किया कि वह सीमा दलाल के रूप में काम करता है और पैसे के बदले बांग्लादेश के हलुआघाट और भारत के मेघालय स्थित डालूपारा सीमा क्षेत्र के रास्ते अवैध प्रवासियों को सीमा पार कराने में मदद करता था। उसने यह भी माना कि उसने हादी हत्या मामले के दोनों आरोपियों को भारत में प्रवेश कराने में सहायता की थी।
पुलिस के दबाव के कारण वह खुद भी उसी सीमा मार्ग से अवैध रूप से भारत में आया और विभिन्न स्थानों पर छिपकर रह रहा था। बाद में वह फिर से बांग्लादेश लौटने की कोशिश कर रहा था और इस दौरान फैसल और आलमगीर के संपर्क में था।
आरोपित को शनिवार को अदालत में पेश किया गया, जहां उसे आगे की जांच के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
