बाराबंकी, 08 फ़रवरी (हि.स.)।जिले के सतरिख थाना क्षेत्र के हैदरगढ़ रोड पर मंजीठा गांव के पास शुभम कंक्रीट कंस्ट्रक्शन के समीप रविवार दोपहर हुए एक कार और ऑटो की आमने-सामने की टक्कर में आठ लोग घायल हो गए।

बाराबंकी से हैदरगढ़ की ओर जा रही एक कार और सामने से आ रहे ऑटो में जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के वक्त ऑटो में छह और कार में दो लोग सवार थे। जो सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही सतरिख थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को वाहनों से बाहर निकाला। एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को तत्काल बाराबंकी जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। इस दुर्घटना के कारण हैदरगढ़ रोड पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल किया। प्रारम्भिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। कोतवाल डीके सिंह ने बताया सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है लिखा पढ़ी कर कार्रवाई की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी
