बागपत, 11 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद में बाल विकास परियोजना बड़ौत का कार्यालय जर्जर भवन में चल रहा है। बुधवार को छत के नीचे खाना खा रही चार महिलाओं के ऊपर छत टूट गई। गनीमत रही कि महिलाओं को चोट नहीं आई है लेकिन महिलाओं ने जर्जर भवन में काम करने से इनकार कर दिया है।

बागपत जनपद का बाल विकास परियोजना कार्यालय बड़ौत जर्जर भवन में चल रहा है,जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। बुधवार को यहां काम कर रही चार महिला कर्मचारियों की जान पर बन गई। मुख्य सेविका सरिता ने बताया कि दोपहर 1:15 बजे के करीब वह खाना खा रही थी, अचानक भवन की छत टूटकर गिर गई जिसमें वह मामूली रूप से चोटिल हो गई । गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ लेकिन हादसे से वह इतना घबरा गई है कि उन्होंने कार्यालय में काम करने से इनकार कर दिया है।
बाल विकास परियोजना की मुख्य सेविका तनुजा का कहना है कि वह जर्जर भवन की शिकायत मौखिक रूप से अपनी सीडीपीओ अलका मैडम को दे चुकी हैं लेकिन आज तक उसपर कोई सुनवाई नहीं हुई है। आज यह हादसा हमारी जान ले सकता था अगर पत्थर सर पर पड़ जाता तो ज्यादा चोट लगती। तनुजा का कहना है कि अब वह इस कार्यालय में काम नहीं करेंगी। अपनी जान सबको प्यारी होती है। उन्होंने सुरक्षित स्थान पर कार्यालय स्थानांतरण करने की मांग उठाई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी
