धौलपुर, 28 जनवरी (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की धौलपुर की टीम ने बुधवार को धौलपुर स्थित जयपुर विद्युत वितरण निगम के कार्यालय में छापा मारा। छापे के दौरान ब्यूरो की टीम ने निगम के अधीक्षण अभियंता आरके वर्मा तथा तकनीकी सहायक नरेंद्र बघेला को एक लाख 75 हजार की रिश्वत लेते दबोचा है।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के कार्यवाहक अपर पुलिस अधीक्षक जगदीश भारद्वाज ने बताया कि ब्यूरो को जयपुर विद्युत वितरण निगम के एक निलंबित कर्मचारी ने एक परिवादी के रूप में शिकायत दी थी। इस शिकायत में जयपुर विद्युत वितरण निगम के अधीक्षण अभियंता ने उसे फिर से बहाल करने की एवज में दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। इस शिकायत के सत्यापन के बाद में ब्यूरो ने अपना जाल बिछाया और बुधवार दोपहर बाद जयपुर विद्युत वितरण निगम के कार्यालय में छापा मारा। जहां निगम के अधीक्षण अभियंता आरके वर्मा एवं तकनीकी सहायक नरेंद्र बघेला को एक लाख 75 हजार की राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस मामले में ब्यूरो की टीम द्वारा आरोपित कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद दोनों कर्मचारियों को गुरुवार को भरतपुर स्थित एसीबी की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप
