कोलकाता, 09 मार्च (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की परिवर्तन यात्रा के दौरान पार्टी नेताओं ने पश्चिम बंगाल में महिला सुरक्षा के मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। दक्षिण 24 परगना और सिलीगुड़ी में आयोजित सभाओं को संबोधित करते हुए त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब और विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि वर्तमान शासन में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं और भाजपा सरकार बनने पर इस स्थिति को बदला जाएगा।

बिप्लब कुमार देब ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने पर महिलाओं को हर महीने तीन हजार रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय राजनीतिक हितों में अधिक रुचि ले रही है। देब ने कहा कि भाजपा स्वामी विवेकानंद, रवीन्द्रनाथ ठाकुर और सुभाष चंद्र बोस के आदर्शों से प्रेरित एक नए और सुरक्षित बंगाल का निर्माण करना चाहती है।
वहीं, सिलीगुड़ी में आयोजित सभा में शुभेंदु अधिकारी ने राज्य में महिलाओं के खिलाफ बढ़ती घटनाओं को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कई घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आदिवासी महिलाओं के खिलाफ हिंसा, हांसखाली में नाबालिग के साथ दुष्कर्म और मौत, रामपुरहाट में छह वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म तथा तमन्ना खातून की हत्या जैसे मामलों ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि भाजपा का समर्थन करने के कारण कुछ स्थानों पर आदिवासी महिलाओं को प्रताड़ित किया गया और उन्हें अपमानजनक परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में आने पर ऐसे अपराधों के दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी और पीड़ितों को न्याय दिलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत महिलाओं के लिए शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित की है और प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पश्चिम बंगाल में लाखों परिवारों को घर उपलब्ध कराए गए हैं। हालांकि उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार कई केंद्रीय योजनाओं का नाम बदलकर उनका श्रेय लेने की कोशिश करती है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि राज्य में परिवर्तन यात्रा को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है और पार्टी का लक्ष्य पश्चिम बंगाल में ऐसी सरकार स्थापित करना है जो महिलाओं की सुरक्षा, विकास और सुशासन सुनिश्चित कर सके।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर
