खूंटी, 02 अप्रैल (हि.स.)। बिरसा कॉलेज के भौतिकी विभाग में प्रयोग प्रदर्शक के पद पर कार्यरत रहीं रीता मुंडू को 43 वर्षों की लंबी और उत्कृष्ट सेवा के उपरांत गुरुवार को भावभीनी विदाई दी गई। वे वर्ष 1983 में कॉलेज के भौतिकी विभाग से जुड़ी थीं और अपने समर्पण के लिए जानी जाती हैं।

सेवानिवृत्ति के अवसर पर कॉलेज परिसर में एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्हें उपहार और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम का संचालन राजकुमार गुप्ता ने किया।
समारोह में उपस्थित शिक्षकों और सहकर्मियों ने रीता मुंडू के साथ बिताए गए वर्षों को याद करते हुए उनके सरल स्वभाव और कार्यशैली की सराहना की। जया भारती कुजूर, कॉनाेर्युस मिंज और सीजरेन सुरीन की ओर से प्रस्तुत विदाई गीत ने माहौल को भावुक बना दिया।
मौके पर प्रभारी प्राचार्य डॉ सीके भगत ने कहा कि रीता मुंडू ने अपने लंबे सेवा काल में अपने दायित्वों का निर्वहन अत्यंत उत्कृष्ट तरीके से किया।
इस अवसर पर डॉ पुष्पा सुरीन, प्रोफेसर सावित्री कुमारी, प्रोफेसर तारीफ लुगुन, प्रोफेसर अनंत राम, प्रोफेसर पूनम टीयू सहित विभिन्न विभागों के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित थे। सभी ने उन्हें स्वस्थ और सुखमय जीवन की बधाई दी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा
