सुपौल, 27 फ़रवरी (हि.स.)। जिला पुलिस ने बिहार पुलिस सप्ताह-2026 के अवसर पर शुक्रवार को पुलिस केंद्र, सुपौल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया। 27 फरवरी 2026 को आयोजित इस शिविर में पुलिस अधीक्षक सहित बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर सामाजिक दायित्व का निर्वहन किया।

शिविर के दौरान पुलिसकर्मियों में खासा उत्साह देखने को मिला। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस बल का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना भी है। रक्तदान जैसे कार्य जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदान साबित होते हैं।

पुलिस प्रशासन ने बताया कि बिहार पुलिस सप्ताह के तहत जिले में आगे भी इस प्रकार के सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सुपौल जिला पुलिस का लक्ष्य नागरिकों की सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों में भी सक्रिय भागीदारी निभाना है।
कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया और भविष्य में भी इस तरह के मानवीय प्रयासों को जारी रखने का संकल्प लिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र
