रांची, 09 अप्रैल (हि.स.)। बीआईटी मेसरा, लालपुर में वीपीए सोसायटी की ओर से डिकोड एरिना कार्यक्रम का आयोजन बेहद उत्साह और मनोरंजन भाव के साथ आयोजित किया गया।

इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को इशारों के माध्यम से फिल्मों के नाम और गीतों के बोल पहचानने की चुनौती दी गई, जिससे पूरे कार्यक्रम में रोमांच बना रहा। कार्यक्रम में नई और पुरानी पीढ़ी की फिल्मों को शामिल किया गया, जिसने प्रतिभागियों के लिए इसे और रोचक बना दिया। युवाओं ने हम आपके हैं कौन, 21 तोपों की सलामी, छिछोरे और पिंटो को गुस्सा क्यों आता है जैसी फिल्मों के नाम और डायलॉग की पहचान कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कठिन सवालों के बावजूद प्रतिभागियों ने तेजी से जवाब देकर पुरस्कार जीते।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रभारी डॉ विजय कुमार झा ने फीता काटकर की। उन्होंने छात्रों की स्मरण शक्ति और पुरानी फिल्मों के प्रति समझ की सराहना की। सोसायटी की संयोजक डॉ अमृता प्रियम ने आयोजन टीम को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखते हैं। मौके पर डॉ आशुतोष मिश्रा, डॉ प्रशांत कुमार सिंह, राणा मिश्रा सहित अन्य लाेग माैजूद थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar
