कानपुर, 13 मार्च (हि.स.)। मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और सुपरवाइजर की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उनके समर्पण और मेहनत के कारण ही विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान प्रभावी ढंग से आगे बढ़ रहा है।

यह बातें शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने कहीं। वे छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय स्थित वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 70 बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर को सम्मानित करने के अवसर पर संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने बीएलओ और सुपरवाइजर से संवाद कर अभियान से जुड़े उनके अनुभव और सुझाव भी सुने।
संवाद के दौरान किदवई नगर विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ संजय कुमार शर्मा ने बताया कि उन्होंने अपने बूथ के मतदाताओं का व्हाट्सएप समूह बनाकर आवश्यक सूचनाएं साझा कीं और घर-घर जाकर परिवारों का विवरण एकत्र किया, जिससे कार्य समय पर पूरा करने में मदद मिली। वहीं बिठूर विधानसभा क्षेत्र के प्रथम बार नियुक्त बीएलओ अंकित पटेल ने बताया कि शुरुआत में कुछ कठिनाई हुई, लेकिन अधिकारियों के मार्गदर्शन और प्रशिक्षण से कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो गया। कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ रवि कुमार ने भी मतदाताओं के सहयोग से अभियान को सफलतापूर्वक पूरा करने का अनुभव साझा किया।
इसके बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा निर्वाचन अधिकारियों के साथ बैठक कर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अनुभव सिंह तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक चतुर्वेदी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
