बीकानेर, 10 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्रि के अवसर पर बीकानेर में 19 से 29 मार्च तक विराट कथा यज्ञ महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन गंगाशहर रोड स्थित अग्रवाल भवन में वसंत विजयानंद गिरी के सानिध्य में होगा।

आयोजन से जुड़े गुरु भक्त संकेश जैन ने बताया कि 11 दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक कार्यक्रम में प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से विराट दिव्य महायज्ञ किया जाएगा। महायज्ञ में हजारों किलो मेवा, देशी घी और चंदन की लकड़ियों का उपयोग किया जाएगा। इसके साथ ही प्रतिदिन शाम को भजन संध्या और रात 8 बजे से पूज्य गुरुदेव के मुखारविंद से देवी भागवत कथा का वाचन होगा। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन सुबह 10 बजे से विशेष साधना शिविर भी आयोजित किया जाएगा। महोत्सव के दौरान देशभर के प्रसिद्ध भजन कलाकार भी प्रस्तुति देंगे। आयोजन की तैयारियों के लिए 50 से अधिक स्वयंसेवक और कलाकार सोमवार तक बीकानेर पहुंचेंगे।
संकेश जैन ने बताया कि महोत्सव के दौरान प्रतिदिन शाम 5 बजे से श्रद्धालुओं के लिए विशाल नि:शुल्क भोजन प्रसादी की व्यवस्था अग्रवाल भवन परिसर में ही रहेगी। महोत्सव से पूर्व 13 से 17 मार्च तक विशेष यज्ञ विधान भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें जगद्गुरु वसंत विजयानंद गिरी द्वारा विशेष अनुष्ठान किए जाएंगे।
आयोजन के दौरान अग्रवाल भवन परिसर में गणपति, भैरव, शिव-पार्वती, लक्ष्मीनारायण, दुर्गा, सिद्धिदात्री, महागौरी, सरस्वती, श्रीराम परिवार, हनुमान सहित विभिन्न देवी-देवताओं के भव्य मंदिर भी स्थापित किए जाएंगे, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र होंगे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव
