प्रयागराज, 14 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित कर्नलगंज थाने में तैनात उपनिरीक्षक जितेंद्र यादव (50) का शनिवार को बीमारी के दौरान निधन हो गया। उनकी मौत की खबर से पुलिस विभाग में शोक की लहर फैल गई।

पुलिस के अनुसार उपनिरीक्षक जितेंद्र यादव मूल रूप से कानपुर नगर के चकेरी थाना क्षेत्र में स्थित बीबीपुर के निवासी थे। वह पिछले करीब तीन महीने से लीवर की बीमारी से पीड़ित थे और उनका इलाज चल रहा था। शुक्रवार को अचानक उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान शनिवार को उनकी आहार नली फट गई, जिससे उनकी मौत हो गई।
इस संबंध में पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि कर्नलगंज थाने में तैनात उपनिरीक्षक जितेंद्र यादव की बीमारी के दौरान मौत हो गई है। पुलिस विभाग की ओर से उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है।
मृतक उपनिरीक्षक अपने पीछे पत्नी ज्योति यादव और बेटे कुनाल यादव को छोड़ गए हैं। शनिवार को पुलिस लाइन में उन्हें अंतिम सलामी दी जाएगी। इसके बाद परिजन उनका शव अंतिम संस्कार के लिए कानपुर लेकर रवाना होंगे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल
