जिला एवं सत्र न्यायाधीश मोहनसिंह कोर्राम ने दिलाई मतदान की शपथ

धमतरी, 25 जनवरी (हि.स.)। बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव स्नातकोत्तर महाविद्यालय (बीसीएस कॉलेज) में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर रविवार को जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला एवं सत्र न्यायाधीश मोहन सिंह कोर्राम रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोहनसिंह कोर्राम ने लोकतांत्रिक व्यवस्था में मताधिकार के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मताधिकार प्रत्येक नागरिक को शासन व्यवस्था में सहभागी बनाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी मतदाताओं से प्रत्येक निर्वाचन में अनिवार्य रूप से मतदान करने की अपील करते हुए लोकतंत्र को सुदृढ़ करने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर मतदान के लिए पात्र बने नए मतदाताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी पवन प्रेमी ने कहा कि मतदान का अधिकार मिलने के साथ-साथ यह प्रत्येक नागरिक का महत्वपूर्ण कर्तव्य भी है। उन्होंने मतदाताओं से सभी चुनावों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया तथा निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी साझा की।
इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश मोहन सिंह कोर्राम ने उपस्थित नागरिकों एवं विद्यार्थियों को लोकतंत्र में पूर्ण आस्था रखते हुए देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की गरिमा बनाए रखने तथा प्रत्येक निर्वाचन में मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के दौरान नए मतदाताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए और मताधिकार प्राप्त होने पर प्रसन्नता जाहिर की।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को सम्मानित किया गया तथा नवीन मतदाताओं का स्वागत किया गया। आयोजन में डिप्टी कलेक्टर एक्का, जिला कोषालय अधिकारी मनोज लारिया, सहायक संचालक जिला कौशल विकास शैलेंद्र गुप्ता, प्राचार्य विनोद पाठक, पर्यवेक्षक संतोष दीवान, निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
