बेतिया, 13 मार्च (हि.स.)। पश्चिम चंपारण ज़िला के योगापट्टी ब्लॉक स्थित पिपरा नौरंगिया,बलुआ देवराय और पटखौली गांव में बेतिया राज की जमीन पर बने 35 से अधिक घरों को अंचल कार्यालय ने नोटिस जारी किया है।यह कार्रवाई स्थानीय प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत की गई है।

ग्रामीणों के अनुसार कई परिवार दशकों से इन जमीनों पर झोपड़ी और पक्के मकान बनाकर रह रहे हैं।नोटिस मिलने के बाद गांव में भय का माहौल है।स्थानीय लोग चिंतित हैं कि उनके घरों को तोड़ा जा सकता है और उनका जीवन अस्थिर हो सकता है।अंचल कार्यालय ने प्रभावित लोगों को अलग-अलग तिथियों पर सुनवाई के लिए बुलाया है।
प्रशासन का कहना है कि यह कदम अवैध निर्माण और जमीन पर अतिक्रमण को हटाने के उद्देश्य से उठाया गया है।ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने वर्षों से इस जमीन पर रहकर अपना जीवन बसाया है।
हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक
