
झाड़ग्राम, 10 मार्च (हि. स.)। जंगमहल क्षेत्र में गर्मी की शुरुआत के साथ ही पेयजल संकट गहरा गया है। मंगलवार सुबह झाड़ग्राम जिले के बेलपहाड़ी चेकपोस्ट के पास स्थानीय ग्रामीणों ने पेयजल की मांग को लेकर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। लंबे समय तक पथावरोध के कारण वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई, जिससे दैनिक यात्रियों और पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

ग्रामीणों का आरोप है कि बेलपहाड़ी से पश्चिम दिशा की ओर स्थित गांवों में पेयजल के साथ-साथ घरेलू उपयोग के पानी का भी गंभीर संकट है। उनका कहना है कि इलाके में लंबे समय से किसी बड़े तालाब या बांध का मरम्मत कार्य नहीं हुआ है। आरोप है कि बड़े जलाशयों की मरम्मत करने के बजाय कृषि भूमि को नुकसान पहुंचाकर छोटे-छोटे गड्ढे बना दिए गए हैं, जो गर्मियों में किसी काम के नहीं आते।
ग्रामीणों के अनुसार, जंगमहल के पथरीले इलाके में भूजल स्तर लगातार नीचे जा रहा है, जिसके कारण कई नलकूप भी बेकार हो गए हैं। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि वे लंबे समय से भीषण जल संकट झेल रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से केवल आश्वासन ही मिल रहा है। उन्होंने मांग की कि जल्द से जल्द बड़े जलाशयों का पुनर्निर्माण कराया जाए और घर-घर स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की व्यवस्था की जाए।
स्थानीय आदिवासी समाज की नेत्री नमिता माझी ने कहा कि हमारे इलाके में कई दिनों से पेयजल की भारी समस्या है। नलकूप सूख चुके हैं और तालाब-बांधों की भी सही तरीके से मरम्मत नहीं की गई है। बार-बार प्रशासन को बताने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, इसलिए मजबूर होकर हमें सड़क पर उतरकर आंदोलन करना पड़ा।
आंदोलन की सूचना पाकर स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से बातचीत की। प्रशासन की ओर से समस्या के समाधान का आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया। हालांकि ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो वे आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन करेंगे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
