हुगली, 08 अप्रैल (हि.स.)। हुगली जिले के बैंडेल इलाके में तृणमूल कांग्रेस के एक कार्यकर्ता के घर और वाहन पर पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। बुधवार को तृणमूल कार्यकर्ता ने इस घटना के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जबकि भाजपा ने आरोपों को सिरे से खारिज किया है।

जानकारी के अनुसार, बैंडेल के न्यू मस्जिद इलाके के निवासी प्रदीप झा, जो तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं, ने आरोप लगाया कि मंगलवार देर रात करीब दो बजे जब परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे, तभी अचानक खिड़की का शीशा टूटने की आवाज आई। जागने पर उन्होंने देखा कि खिड़की का कांच टूटकर बिस्तर पर गिरा पड़ा है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो गाड़ी पर भी पथराव किया गया। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कथित तौर पर दो लोगों को इलाके में घूमते और फिर पत्थर फेंककर भागते हुए देखा गया है।
प्रदीप झा का दावा है कि वह आरोपितों को पहचानते हैं और वे भाजपा से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि पहले भी तृणमूल और भाजपा के बीच विवाद हो चुका है और आरोपितों का आपराधिक तत्वों से संबंध रहा है।
उन्होंने यह भी आशंका जताई कि चुनाव के दौरान ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती हैं। तृणमूल कार्यकर्ता ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और आरोप लगाया कि भाजपा इन तत्वों को संरक्षण दे रही है।
वहीं, भाजपा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह एक स्थानीय विवाद है, जिसे राजनीतिक रंग देने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
