हावड़ा, 12 मार्च (हि. स.)। जिले के जगतबल्लभपुर थाना क्षेत्र में एक महिला का शव बोरे में बंद हालत में नहर किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में मृतका के बेटे और बहू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृत महिला की पहचान सुषमा डे (55) के रूप में हुई है। वह जगतबल्लभपुर के मारघुराली देरेपाड़ा इलाके की निवासी थीं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, गुरुवार करीब साढ़े 11 बजे सड़क किनारे छोटी नहर के पास एक संदिग्ध बड़ा बोरा पड़ा देखा गया। पहले लोगों ने उस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया, लेकिन बोरे के ऊपर बड़ी संख्या में मक्खियां भिनभिनाती देख कुछ लोगों को संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पाकर जगतबल्लभपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जब बोरे को खोला तो उसमें से सुषमा डे का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पड़ोसियों का आरोप है कि पिछले कुछ समय से सुषमा डे का अपने बेटे और बहू के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि जिस बोरे में शव मिला, उसका इस्तेमाल आमतौर पर उनके बेटे की कार को ढकने के लिए किया जाता था।
बताया गया है कि गुरुवार सुबह ही महिला के बेटे ने जगतबल्लभपुर थाने में अपनी मां के लापता होने की डायरी दर्ज कराई थी, लेकिन थोड़ी ही देर बाद घर से करीब 100 मीटर दूर नहर किनारे शव मिलने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि पारिवारिक विवाद के चलते हत्या कर शव को ठिकाने लगाने के लिए नहर किनारे फेंका गया होगा। पुलिस बेटे और बहू से लगातार पूछताछ कर रही है।
स्थानीय एक निवासी ने कहा कि महिला का परिवार इलाके में लंबे समय से रह रहा था और घर में अक्सर झगड़े की आवाजें सुनाई देती थीं, लेकिन ऐसी घटना की किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
