जगदलपुर, 13 मार्च (हि.स.)। बस्तर जिले में कक्षा 5वीं एवं 8वीं की केन्द्रीकृत वार्षिक परीक्षा वर्ष 2026 के सफल और पारदर्शी आयोजन के लिए शिक्षा विभाग ने अपनी तैयारी कर ली है। जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल के मार्गदर्शन में आज परीक्षा से जुड़ी अत्यंत गोपनीय सामग्रियों के वितरण की महत्वपूर्ण प्रक्रिया सफलता पूर्वक संपन्न हुई।

यह वितरण कार्य जगदलपुर स्थित जगतू माहरा शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जगदलपुर के स्ट्रांग रूम से 13 मार्च को पूरी सुरक्षा के साथ पूरा किया गया। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं, जिसके तहत जिले के कुल 266 संकुलों के लिए आवंटित गोपनीय सामग्रियों को संबंधित संकुल प्राचार्यों के सुपुर्द किया गया। इन सामग्रियों को विशेष वाहनों के माध्यम से जिले के विभिन्न थानों और चैकियों में सुरक्षित जमा कराने की कार्यवाही पूर्ण कर ली गई है।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष की केन्द्रीकृत परीक्षा के लिए जिले में कुल 1613 प्राथमिक शाला और 718 माध्यमिक शाला परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे
