
गोरखपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। श्री चित्रगुप्त मंदिर सभा द्वारा आगामी दिनांक 02 अप्रैल को भगवान श्री चित्रगुप्त जी की भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में बुधवार काे आयोजित प्रेस वार्ता में सभा के मंत्री अम्ब्रिश कुमार श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि यह शोभा यात्रा पूरे नगर में श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक गरिमा के साथ निकाली जाएगी।

सभा के अध्यक्ष राजेश चंद्र ने बताया कि शोभा यात्रा में भगवान श्री चित्रगुप्त जी की सुसज्जित झांकी आकर्षण का केंद्र होगी। इसके साथ ही विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक झांकियां भी शामिल रहेंगी, जो समाज को नैतिकता, कर्तव्य और धर्म के प्रति जागरूक करने का संदेश देंगी।
शोभा यात्रा का शुभारंभ विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ किया जाएगा। यात्रा श्री चित्र गुप्त मंदिर सभा से आरंभ होकर बैंक रोड विजय चौराहा गोलघर कचहरी चौराहा होते हुए वापस श्री चित्र गुप्त मंदिर में समाप्त होगी एवं उसके उपरांत सहभोज का भी आयोजन होगा जिसमे शहर के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, युवा एवं महिला समूह बढ़-चढ़कर भाग लेंगे। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा एवं स्वागत की व्यवस्था भी की जाएगी।
सभा के पदाधिकारियों ने सभी श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों से अपील की है कि वे इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भगवान श्री चित्रगुप्त जी का आशीर्वाद प्राप्त करें एवं शोभा यात्रा को सफल बनाएं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय
