कोलकाता, 02 फरवरी (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दक्षिण 24 परगना जिले के भांगड़ इलाके में तृणमूल-समर्थित भूमि माफियाओं ने एक विशाल सार्वजनिक तालाब को अवैध रूप से पाट दिया है। उन्होंने इसे संरक्षित ईस्ट कोलकाता वेटलैंड्स के विनाश का एक और उदाहरण बताया।

नंदीग्राम से भाजपा विधायक शुभेंदु अधिकारी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि भांगड़ के विजयगंज बाजार के प्रवेश द्वार पर स्थित इस तालाब को रात के अंधेरे में मिट्टी से भर दिया गया। उन्होंने कहा कि यह जलाशय आधिकारिक रूप से अस्पताल एवं स्वास्थ्य विभाग की भूमि के अंतर्गत आता है, इसके बावजूद डंपर और जेसीबी मशीनों के जरिए बिना किसी अनुमति के इसे पाटा जा रहा है और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।
नेता प्रतिपक्ष ने कोलकाता पुलिस को टैग करते हुए कहा कि भांगड़ में जो कुछ हो रहा है, वह आम जनता और पर्यावरण के खिलाफ एक आपराधिक साजिश है और तृणमूल सरकार इसकी सबसे बड़ी संरक्षक है।
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि यह कोई अलग-थलग घटना नहीं है, बल्कि इसी तरह की अवैध गतिविधियों की एक श्रृंखला है। उन्होंने दक्षिण कोलकाता के आनंदपुर इलाके का हवाला देते हुए कहा कि वहां भी संरक्षित ईस्ट कोलकाता वेटलैंड्स को अवैध रूप से भरकर बिना किसी अनुमति, लाइसेंस और प्रशासनिक निगरानी के गोदाम बनाए गए थे, जहां हाल ही में भीषण आग लगने से 27 लोगों की मौत हो गई थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि आनंदपुर की तरह ही भांगड़ में भी अनधिकृत निर्माण और अनियंत्रित गतिविधियों की नींव डाली जा रही है, जिससे भविष्य में बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। शुभेंदु अधिकारी ने सवाल उठाया कि यदि कोई दुर्घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा।
नेता प्रतिपक्ष ने तृणमूल सरकार पर माफिया राज चलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जलाशयों, पर्यावरण और जन-सुरक्षा का सुनियोजित विनाश निजी लाभ और राजनीतिक संरक्षण के लिए किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि आनंदपुर जैसी त्रासदी भांगड़ में दोहराई नहीं जानी चाहिए।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
