कूचबिहार, 31 मार्च (हि. स.)। कूचबिहार में भाजपा उम्मीदवार के काफिले पर हमला की खबर सामने आई है। यह हमला चुनाव प्रचार से लौटते समय हुआ है। हमला का आरोप तृणमूल पर लगे है। इस घटना से इलाके में तनाव फैल गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, कूचबिहार दक्षिण विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार रथीन्द्रनाथ बसु प्रचार करके लौट रहे थे। मंगलवार को सुतकाबाड़ी इलाके में प्रचार के बाद जब उनका काफिला वापस आ रहा था, तभी कुछ लोगों ने काफिले को घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने गाड़ियों पर ईंट-पत्थर फेंके और लाठी-डंडों से हमला किया। इस दौरान काफिले की एक गाड़ी के शीशे तोड़ दिए गए।
भाजपा का दावा है कि इस हमले में उनके एक कार्यकर्ता का सिर फट गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थिति बिगड़ते देख किसी तरह भाजपा उम्मीदवार को वहां से सुरक्षित निकाला गया।
भाजपा ने इस हमले के लिए तृणमूल कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि, तृणमूल ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
तृणमूल का कहना है कि मतदाता सूची एसआईआर से नाम हटने के कारण लोगों में भारी नाराजगी है और यह घटना उसी गुस्से का नतीजा है।
इससे पहले, साउथ 24 परगना में भाजपा पर हमले के आरोप लगे थे। आरोप है कि अलग-अलग जगहों पर कैंपेन करते समय भाजपा उम्मीदवार को गुस्से का सामना करना पड़ रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
