मालदा, 17 अप्रैल (हि. स.)। विधानसभा चुनाव की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। इसी बीच चांचल विधानसभा क्षेत्र को नया रूप देने के लिए भाजपा उम्मीदवार रतन दास ने शुक्रवार को अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी किया। यह कार्यक्रम बसुदेव पाड़ा स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित हुआ।

घोषणा पत्र में चांचल क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं और मांगों को प्रमुखता दी गई है। इसमें क्षेत्र में नगरपालिका गठन और हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का वादा शामिल है। इसके अलावा महानंदा नदी के पुनर्जीवन, जाम-मुक्त सड़कों और चांचल, तुलसीहाटा व कुशिदा में आधुनिक बाजार बनाने की योजना भी पेश की गई है।
स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे पर विशेष जोर देते हुए घोषणा पत्र में कई अहम वादे किए गए है। जिनमें आयुष्मान भारत योजना को क्षेत्र में प्रभावी तरीके से लागू करना, चांचल सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में आईसीयू बेड बढ़ाना और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना, इलेक्ट्रिक शवदाह गृह की स्थापना और आधुनिक बस स्टैंड का निर्माण करना है। इसके साथ ही चांचल स्टेडियम के आधुनिकीकरण और रवींद्र भवन को और सक्रिय बनाने की योजना भी शामिल है।
घोषणा पत्र जारी करने के बाद रतन दास ने मतदाताओं से समर्थन और आशीर्वाद की अपील की। उन्होंने खुद को “भूमिपुत्र” बताते हुए कहा कि मैं कोई बाहरी नहीं हूं, इस मिट्टी का बेटा हूं और यहीं के लोगों के लिए काम करना चाहता हूं।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
