उत्तर 24 परगना, 22 फ़रवरी (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी छोड़कर एक बार फिर तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए पूर्व फुटबॉलर एवं पूर्व विधायक दीपेंदु विश्वास। रविवार को बसीरहाट सांगठनिक जिला तृणमूल कांग्रेस के कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने औपचारिक रूप से घर-वापसी की। इस अवसर पर बसीरहाट दक्षिण के विधायक सप्तर्षि बन और जिला तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष बुरहानुल मुकद्दिम (लिटन) मौजूद रहे।

दीपेंदु विश्वास के साथ कांग्रेस, भाजपा, माकपा और आईएसएफ से जुड़े कुल 28 निचले स्तर के कार्यकर्ता भी तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए। दीपेंदु विश्वास बसीरहाट दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक रह चुके हैं।

उल्लेखनीय है कि सितंबर 2014 में बसीरहाट दक्षिण विधानसभा उपचुनाव में दीपेंदु विश्वास ने पहली बार तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन तब उन्हें भाजपा उम्मीदवार शमिक भट्टाचार्य के हाथों करीबी अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद 2016 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल ने एक बार फिर उन्हें उम्मीदवार बनाया और इस बार उन्होंने शमिक भट्टाचार्य को हराकर पहली बार विधायक बनने का गौरव हासिल किया।
2021 के विधानसभा चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस ने उम्मीदवार बदलते हुए दीपेंदु विश्वास के स्थान पर नेत्र रोग विशेषज्ञ सप्तर्षि बनर्जी को टिकट दिया। टिकट न मिलने से नाराज दीपेंदु विश्वास ने तत्कालीन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए थे। हालांकि, 2021 चुनाव में तृणमूल की बड़ी जीत के बाद उन्होंने धीरे-धीरे भाजपा से खुद को अलग कर लिया।
बीते कुछ समय पहले दीपेंदु विश्वास ने लिखित रूप से तृणमूल नेतृत्व से पार्टी में वापसी की अपील की थी, जिसे तब स्वीकार नहीं किया गया। लेकिन 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले आखिरकार उनकी तृणमूल में वापसी हो गई। आगामी विधानसभा चुनाव में उन्हें उम्मीदवार बनाया जाएगा या नहीं, इस पर जिला तृणमूल नेतृत्व ने फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं की है।
इस मौके पर विधायक सप्तर्षि बनर्जी ने कहा कि पूर्व विधायक और नामी फुटबॉलर दीपेंदु विश्वास के दोबारा तृणमूल में आने से हमारी पार्टी और मजबूत हुई है। हम सभी मिलकर बसीरहाट के विकास के लिए काम करेंगे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
