, क्रॉस-वोटिंग रोकने की कवायद तेज

-कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी को बनाया चुनाव एजेंट
चंडीगढ़, 14 मार्च (हि.स.)। हरियाणा में राज्य सभा चुनाव से पहले भाजपा के सभी विधायक शनिवार को चंडीगढ़ पहुंच गए। भाजपा ने सभी विधायकों को चंडीगढ़ के एक फाइव स्टार होटल में ठहराकर वोटिंग का प्रशिक्षण दिया। राज्य सभा चुनाव को लेकर चल रही लड़ाई अब निर्णायक दौर में पहुंच चुकी है। शनिवार को पूरा दिन चंडीगढ़ में गहमा-गहमी चलती रही। भाजपा ने पहले ही सभी विधायकों को 14 से लेकर 16 मार्च की सुबह तक चंडीगढ़ रुकने के लिए कहा था। जिसके चलते आज सुबह सभी विधायक हरियाणा निवास में एकत्र हुए। जहां से उन्हें चंडीगढ़ के होटल जेडब्ल्यू मैरियट में ले जाया गया। जहां भाजपा विधायकों के लिए मॉक ड्रिल का आयोजन करके वोट डालने की प्रक्रिया समझाई गई। विधायकों को प्रथम वरीयता व द्वितीय वरीयता के बारे में विस्तार से बताया गया। इस बीच भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव को लेकर नियुक्ति भी कर दी हैं। कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी को राज्यसभा चुनाव में चुनाव एजेंट बनाया गया है। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा तथा विधायक योगेंद्र राणा को काउंटिंग एजेंट नियुक्त किया गया है।
पार्टी प्रतिनिधि एवं पार्टी एजेंट के तौर पर खेल मंत्री गौरव गौतम और विधायक सुनील सांगवान जिम्मेदारी दी गई है। हरियाणा विधानसभा में कुल 90 विधायक में से करीब 40 विधायक पहली बार चुनकर आए हैं। निर्दलीय से लेकर तीनों पार्टी में पहली बार चुनकर आए विधायक मौजूद है इस बात के मद्देनजर और अतीत में हुए प्रकरण के चलते कांग्रेस ने इस बार कमर कसी हुई है तो दूसरी तरफ अति उत्साह में कोई चूक भाजपा से न हो इस बात का ख्याल वहां भी रखा जा रहा है और अपने विधायकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा
