कोलकाता, 27 मार्च (हि.स.): भारतीय जनता पार्टी ने तृणमूल कांग्रेस सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए राज्य में बदलाव का दावा किया है।

पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने शुक्रवार को साल्टलेक स्थित पार्टी कार्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के माहौल के बीच देश में गैस और ईंधन को लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश हो रही थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डीजल पर उत्पाद शुल्क में दस रुपये की कटौती कर लोगों को राहत दी है। साथ ही विमानन क्षेत्र में भी शुल्क कम किया गया है। उन्होंने कहा कि जब पूरी दुनिया मंदी की मार झेल रही है, तब भारत मजबूती से आगे बढ़ रहा है।
इस दौरान शमिक भट्टाचार्य ने राज्य में कथित तृणमूल प्रायोजित हिंसा का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि बाहरी लोगों के जरिए सरकारी कर्मचारियों पर अत्याचार किया जा रहा है और सरकारी दफ्तरों में भी तृणमूल कार्यकर्ताओं का दखल बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि यह सरकार “कागजों पर ही कुछ समय की मेहमान” है और जनता बदलाव चाहती है।
उन्होंने कहा कि राज्य में शिक्षक, भाजपा कार्यकर्ता और आम लोग हिंसा का शिकार हो रहे हैं, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि चुनाव आयोग निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव सुनिश्चित करेगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि तृणमूल के जमीनी स्तर के कार्यकर्ता भी अब भाजपा के संपर्क में आ रहे हैं और पार्टी में शामिल हो रहे हैं।
शमिक भट्टाचार्य ने राज्य की औद्योगिक स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में 79 हजार कारखाने बंद हो चुके हैं और 1,016 कंपनियां लिक्विडेशन की ओर बढ़ रही हैं, जिससे यहां उद्योग का माहौल खराब हो गया है।
इस मौके पर फुटबॉलर अरिंदम भट्टाचार्य ने भाजपा का दामन थामा। 2006 से पेशेवर फुटबॉल खेल रहे अरिंदम भट्टाचार्य ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने बताया कि वे राज्य में “वास्तविक बदलाव” के उद्देश्य से भाजपा में शामिल हुए हैं। पार्टी के राज्य पदाधिकारियों ने उन्हें पार्टी का झंडा देकर स्वागत किया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
