सुपौल, 22 फ़रवरी (हि.स.)। नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित ‘वर्ल्ड एआई समिट’ के दौरान कांग्रेस यूथ विंग के नेताओं द्वारा भारत की छवि धूमिल करने के कथित प्रयास और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई टिप्पणी के विरोध में रविवार को सुपौल में भाजपा युवा मोर्चा ने आक्रोश मार्च निकाला।

जिला अध्यक्ष जयंत मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय से मार्च निकालते हुए महावीर चौक पहुंचकर राहुल गांधी का पुतला दहन किया।

पुतला दहन कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य डॉ. विजय शंकर चौधरी ने कहा कि जब पूरा विश्व भारत की तकनीकी क्षमता और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में बढ़ते प्रभाव को देख रहा है, ऐसे समय में इस प्रकार की घटनाएं राष्ट्र की छवि को धूमिल करती हैं।
जिला प्रवक्ता रणधीर ठाकुर ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम स्थल पर अर्धनग्न होकर हंगामा किया, जो विश्व मंच पर भारत को शर्मिंदा करने का प्रयास था।
भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष जयंत मिश्रा ने कहा कि राजनीतिक विरोध लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन भारत की वैश्विक छवि को नुकसान पहुंचाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि देश के तकनीकी विकास और वैश्विक मंचों पर भारत की साख से जुड़े मुद्दों पर किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुतला दहन कार्यक्रम में कार्यालय मंत्री बिमलेन्दु ठाकुर, किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष प्रवीण कुमार झा, राजेश कुमार साह, संतोष जायसवाल, रूबी जायसवाल, विशाल कुमार मिश्रा, मनीष कुशवाहा, सौरभ सुमन, रोशन राणा, राजेश मल्लिक, संजीत सिन्हा, मनोज कुमार, सुधीर कुमार चौधरी, अविनाश सौरभ, सचिन कुमार, पन्ना भगत, भोगानंद राजा, नीतीश कुमार, प्रेम कुमार, मनीष कुमार वर्मा, शंकर साह, श्याम किशोर यादव, नीतीश यादव, सत्या यादव, कृष्णदेव साह, हिमांशु पाठक, प्रमोद कुमार, बसंत कुमार, सूरज झा, दिनेश कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र
