कोलकाता, 11 फरवरी (हि.स.)।

बनगांव उत्तर से भाजपा विधायक अशोक कीर्तनिया की पत्नी की गाड़ी में तोड़फोड़ की घटना को लेकर इलाके में राजनीतिक तापमान बढ़ गया है। घटना मंगलवार रात को गोपालनगर थाना क्षेत्र के बेलडांगा चौरतला इलाके में हुई। विधायक की पत्नी रिंकू कीर्तनिया ने इस संबंध में गोपालनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विधायक की पत्नी एक स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। उनके साथ विधायक के कुछ करीबी सहयोगी भी मौजूद थे। इसी दौरान विधायक के आने की खबर फैलते ही कुछ ग्रामीणों ने कथित तौर पर गाड़ी को रोक लिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि उन्होंने क्षेत्र में कथित विकास कार्यों और एक पूर्व घटना के बाद विधायक की अनुपस्थिति को लेकर सवाल पूछे।
ग्रामीणों का दावा है कि सवाल पूछने पर गाड़ी के भीतर मौजूद विधायक के करीबी लोगों ने दिव्येंदु देवनाथ नामक एक ग्रामीण के साथ मारपीट की। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने विधायक की पत्नी की गाड़ी में तोड़फोड़ की। घायल दिव्येंदु को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय निवासी सौमेन अधिकारी ने आरोप लगाया कि विधायक ने क्षेत्र में अपेक्षित विकास कार्य नहीं किए हैं। उनका कहना है कि इसी मुद्दे पर सवाल उठाने पर विवाद की स्थिति बनी।
वहीं भाजपा विधायक अशोक कीर्तनिया ने बुधवार को गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी पत्नी और परिवार को जान से मारने की साजिश रची गई। उन्होंने कहा कि राज्य में जनप्रतिनिधियों के परिवार भी सुरक्षित नहीं हैं।
दूसरी ओर, बनगांव संगठनात्मक जिला तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष विश्वजीत दास ने पलटवार करते हुए कहा कि ग्रामीण विकास कार्यों को लेकर सवाल कर रहे थे, लेकिन विधायक के करीबी लोगों ने ही उनके साथ मारपीट की।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के आरोपों की सत्यता की पड़ताल की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर
