नई दिल्ली, 27 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) का स्वागत करते हुए इसे देश के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया।

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को एक्स पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत और यूरोपीय संघ के बीच हुआ मुक्त व्यापार समझौता सही मायनों में “मदर ऑफ ऑल डील्स” है।

इस समझौते से भारत में मैन्युफैक्चरिंग को मजबूती मिलेगी, सेवाओं का विस्तार होगा और भारतीय कंपनियों को यूरोप के बाजारों तक आसान पहुंच मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इससे निवेश बढ़ेगा, रोजगार के नए अवसर बनेंगे और भारत की वैश्विक आर्थिक स्थिति और मजबूत होगी।
दुनिया की दूसरी और चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच हुआ यह समझौता भारत-ईयू रिश्तों को नई ऊंचाई देगा और विकसित भारत के लक्ष्य को और तेज़ी से आगे बढ़ाएगा।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष
राजेश अग्रवाल ने समझौते को ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि इससे 200 करोड़ लोग व्यापार कर पाएंगे। इसका व्यापक प्रभाव दुनिया की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। समझौते से भारत में एमएसएमई, ऊर्जा क्षेत्र, पेट्रो-गैस, समुद्र मंथन, रक्षा क्षेत्र तथा निर्माणक्षेत्र, प्रत्येक सेक्टर में वैश्विक उन्नति में बहुत मदद मिलेगी। वस्त्र, उद्योग, आभूषण, चमड़ा उद्योग तथा खाद्य निर्यात को बढ़ावा मिलेगा। शीघ्र ही व्यापार और उद्योगों के दरवाजे भारत के लिए लगभग 50 से अधिक देशों में खुलेंगे अर्थात भारत में संपन्नता बढ़ेगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी
