कठुआ, 11 मार्च (हि.स.)। जिले के साथ लगती भारत-पाक अंतर्राष्ट्रीय सीमा के उस पार फिर घुसपैठियों की हलचल की सूचना आ रही है। सूचनाओं में बताया गया है कि जैश-ए-मोहम्मद के 4 आतंकियों का एक दल घुसपैठ के लिए सुखमल और मंसूर बड़ापाई में घुसपैठ की ताक में बैठा है जो उचित मौके के लिए लगातार रेकी कर रहा है।

आतंकियों का उपरोक्त दल आने वाले दिनों में हीरानगर स्थित उज्ज, तरनाह और बेई नालों का इस्तेमाल कर घुसपैठ कर सकता है।
पंजाब का बमियाल क्षेत्र जोकि कठुआ के सीमांत हीरानगर और नगरी से बिल्कुल साथ सटा है पिछले कई सालों से संदिग्ध गतिविधियों के मामले में काफी संवेदनशील बना हुआ है।
वहीं इसके साथ सटे नगरी क्षेत्र में भी गत सप्ताह 2 बार स्थानीय लोगों ने काले कपड़ों में संदिग्ध देखे, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान भी चलाया लेकिन कुछ भी नहीं मिला है। वहीं अब नवीनतम सूचनाओं के बाद पठानकोट जिला में पड़ते बमियाल में लगातार सुरक्षा बढ़ा दी गई है, जहां तक कि मंगलवार से हाइवे पर माधोपुर नाके पर पठानकोट पुलिस जम्मू-कश्मीर में आने वाले सभी वाहनों को रोककर लगातार गहन चैकिंग कर रही है और साथ ही उसके चालक की फोटो भी ले रही है। हालांकि कठुआ जिला पुलिस पहले से ही हाई अलर्ट पर है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह
