
भोपाल, 12 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय ‘इल्लीगल गैंग’ के सरगना आकाश उर्फ भूरा हड्डी सहित उसके पांच साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कोहेफिजा पुलिस ने मुख्य आरोपी भूरा को बुधवार को उस समय पकड़ लिया, जब वह अपनी शादी के मंडप में मौजूद था। गिरोह के सदस्यों पर एक पुजारी का अपहरण कर उससे 50 हजार रुपए की अवैध वसूली करने का आरोप है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी को अपनी शादी के खर्च के लिए पैसों की जरूरत थी। इसी बीच उसके साथी आकाश उपाध्याय ने पुजारी को निशाना बनाकर अपहरण और वसूली की योजना बनाई। योजना के तहत पुजारी को झांसे में बुलाया गया और बाद में उसे धमकाकर पैसे ऐंठे गए।
डीसीपी मयूर खंडेलवाल ने गुरूवार काे पत्रकार वार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 26 वर्षीय पुजारी संजीव नगर का रहने वाला है और उसकी पहचान गिरोह से जुड़े आकाश उपाध्याय से थी। 10 मार्च को उपाध्याय ने उसे जैन नगर स्थित अपने कमरे पर बुलाया और एक परिचित युवती को लालघाटी से लाने के लिए कहा। पुजारी जब युवती को लेकर कमरे पर पहुंचा, तो कुछ ही देर में आकाश उपाध्याय वहां से निकल गया। इसके बाद आकाश उर्फ भूरा अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और पुजारी पर युवती के साथ दुष्कर्म की कोशिश का आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। यह पूरी योजना पहले से तैयार की गई थी, ताकि पीड़ित को डराकर पैसे वसूले जा सकें।
फ्लैट में बंधक बनाकर धमकाया
मारपीट के बाद आरोपी पुजारी को जबरन बाइक पर बैठाकर ईदगाह हिल्स इलाके की एक मल्टी में स्थित तौफीक उर्फ शूटर के फ्लैट पर ले गए। वहां उसे बंधक बनाकर पीटा गया और जान बचाने के बदले आठ लाख रुपए की मांग की गई। आरोपियों ने पीड़ित के भाई को फोन कर उसे बचाने के बदले 50 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए और बाकी साढ़े सात लाख रुपए पांच किश्तों में देने की बात कही। साथ ही धमकी दी कि पैसे नहीं देने पर युवती के जरिए उसके खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज करा दिया जाएगा। रकम मिलने के बाद आरोपियों ने पुजारी को छोड़ दिया। इसके बाद पीड़ित ने 11 मार्च को थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
शादी में खर्च कर दिए पैसे
जांच में यह भी सामने आया कि वसूली की गई रकम का कुछ हिस्सा आरोपियों ने शादी के कार्यक्रम, खासकर हल्दी समारोह के दौरान खर्च कर दिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बाइक और मोबाइल फोन जब्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
आठ साल से सक्रिय है गैंग
पुलिस के अनुसार, ‘इल्लीगल गैंग’ वर्ष 2018 से सक्रिय है और मल्टी वाजपेयी नगर क्षेत्र के करीब 50 से अधिक युवक इससे जुड़े बताए जा रहे हैं। गिरोह के सदस्य पहचान के तौर पर गर्दन पर ‘इल्लीगल’ का टैटू बनवाते हैं। गिरोह के सरगना आकाश उर्फ भूरा पर हत्या सहित 31 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं गिरफ्तार किए गए अन्य पांच आरोपियों के खिलाफ भी अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस उस युवती की तलाश कर रही है, जिस पर पुजारी को ब्लैकमेल कर अवैध वसूली में सहयोग करने का आरोप है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे
