गुवाहाटी, 10 अप्रैल (हि.स.)। मणिपुर सरकार ने राज्य के पांच जिलों में मोबाइल इंटरनेट और डेटा सेवाओं, सहित वीपीएन सेवाओं के अस्थायी निलंबन को कानून-व्यवस्था की संवेदनशील स्थिति के मद्देनजर दो दिन और बढ़ाने का निर्णय लिया है।

गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह प्रतिबंध इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व, थौबल, काकचिंग और बिष्णुपुर जिलों में 10 अप्रैल 2026 को दोपहर 2:00 बजे से प्रभावी रहेगा।
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि वर्तमान स्थिति की समीक्षा के बाद सार्वजनिक शांति बनाए रखने के लिए एहतियाती कदम के तौर पर यह निर्णय लिया गया है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए भ्रामक सूचनाएं और अफवाहें फैल सकती हैं, जिससे भीड़ जुटने, हिंसा, आगजनी या सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचने की संभावना है।
यह आदेश टेलीकम्युनिकेशन सेवाओं के अस्थायी निलंबन नियम, 2024 के नियम 3 के तहत राज्यपाल की स्वीकृति के बाद जारी किया गया है। अधिकारियों ने कहा कि मोबाइल डेटा सेवाओं की प्रभावी निगरानी तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण बनी हुई है, इसलिए प्रतिबंध जारी रखना आवश्यक है।
इससे पहले राज्य सरकार ने 7 अप्रैल से तीन दिनों के लिए मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित की थीं। बाद में 8 अप्रैल को इंटरनेट लीज्ड लाइन (आईएलएल) और फाइबर टू द होम (एफटीटीएच) जैसी ब्रॉडबैंड सेवाओं को शर्तों के साथ आंशिक रूप से बहाल किया गया, जबकि मोबाइल इंटरनेट पर रोक जारी रही।
आपात स्थिति को देखते हुए यह आदेश जारी किया गया है। सरकार ने चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
————
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश
