इंफाल, 06 फरवरी (हि.स.)। मणिपुर पुलिस ने सुरक्षा बलों के साथ मिलकर पूरे राज्य में कोऑर्डिनेटेड एंटी-नारकोटिक्स ऑपरेशन चलाए, जिसमें अवैध अफीम की खेती के बड़े इलाकों को नष्ट किया गया और एक ड्रग्स कूरियर को गिरफ्तार किया गया।

मणिपुर पुलिस मुख्यालय ने शुक्रवार काे बताया कि 5 फरवरी को उखरुल जिले के खमाशोम हिल रेंज और लीनगंगचिंग हिल रेंज (मापीथेल इलाके) में कुल 185 एकड़ में लगी अवैध अफीम की खेती को नष्ट कर दिया गया। प्लांटेशन वाली जगहों पर मिली दो अस्थायी झोपड़ियों को भी गिरा दिया गया। इसके साथ ही तेंगनौपाल जिले के तेंगनौपाल पुलिस स्टेशन के तहत खुदेई खुल्लेन की पहाड़ी रेंज में 20 एकड़ और अवैध अफीम की खेती को नष्ट किया गया।
वहीं, दूसरी ओर राष्ट्रीय राजमार्ग -2 पर एक अलग अभियान में मणिपुर पुलिस ने सेनापति पुलिस स्टेशन के तहत टी खुल्लेन नाका चेक पॉइंट पर एक टीवीएस स्कूटी स्कूटर को रोका। स्कूटी चालक की पहचान सेनापति जिले के सादिम नेपाली के सुभाष तमांग (21) के रूप में हुई, उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से 334 ग्राम अफीम और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ये अभियान मणिपुर के पहाड़ी जिलों में अवैध अफीम की खेती को रोकने और नारकोटिक्स तस्करी नेटवर्क को खत्म करने के लिए तेज किए गए प्रयासों का नतीजा है। ऐसे अभियान आने वाले दिनों में भी जारी रहेंगे।—————-
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय
