कठुआ, 10 अप्रैल (हि.स.)। जिला कठुआ पुलिस ने सतर्कता और त्वरित कार्रवाई करते हुए पशु तस्करी के एक बड़े प्रयास को विफल कर दिया। पुलिस ने एक संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली, जिसमें मधुमक्खी पालन के बक्सों की आड़ में गोवंश को छिपाकर कश्मीर की ओर ले जाया जा रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार तस्कर पुलिस से बचने के लिए लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं। इस बार उन्होंने मधुमक्खी के बक्सों का इस्तेमाल करते हुए गोवंश को छिपाने की कोशिश की, ताकि जांच के दौरान शक न हो। हालांकि, पुलिस टीम की सतर्कता के चलते ट्रक को रोककर जब गहन जांच की गई, तो उसमें छिपाकर रखे गए गोवंश बरामद कर लिए गए। सभी पशुओं को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। पुलिस ने मौके पर ही मामला दर्ज कर लिया है और तस्करों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी गई है। यह पूरी कार्रवाई एसएसपी कठुआ मोहित शर्मा के मार्गदर्शन में अंजाम दी गई, जिनके निर्देशन में जिला पुलिस लगातार अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कस रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया
