भोपाल, 10 मार्च (हि.स.) । मध्य प्रदेश में इन दिनों मौसम का दोहरा असर देखने को मिल रहा है। दिन के समय तेज धूप और गर्मी के कारण तापमान 39 डिग्री के करीब पहुंच गया है, जबकि रात और सुबह हल्की ठंडक बनी हुई है। सोमवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर सहित कई शहरों में दिन के समय ‘लू’ जैसी गर्मी महसूस की गई। आज मंगलवार को भी तेज गर्मी रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, इस साल मार्च में पिछले साल की तुलना में ज्यादा गर्मी दर्ज की जा रही है। भोपाल, इंदौर और रीवा-शहडोल संभाग में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 1.9 से 2.7 डिग्री तक अधिक है। वहीं ग्वालियर, चंबल, उज्जैन, जबलपुर और नर्मदापुरम संभाग में तापमान सामान्य से 3.1 से 4.6 डिग्री तक ज्यादा रिकॉर्ड किया गया है। प्रदेश के आधे से ज्यादा हिस्सों में दिन का तापमान 35 डिग्री या उससे अधिक बना हुआ है।
मार्च के पहले पखवाड़े में ही कई शहरों में तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया है। सोमवार को रतलाम प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा खजुराहो, धार, गुना, दमोह, सागर, श्योपुर और मंडला में तापमान 38 डिग्री या उससे ज्यादा रहा। बड़े शहरों में ग्वालियर और उज्जैन सबसे गर्म रहे, जहां तापमान 37 डिग्री के पार पहुंच गया। भोपाल में 36.8 डिग्री, इंदौर में 36.4 डिग्री और जबलपुर में 36 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार हवा की दिशा में बदलाव के कारण गर्मी जल्दी बढ़ रही है। पहले हवाएं उत्तर-पूर्व दिशा से चल रही थीं, लेकिन अब उनका रुख पश्चिम और उत्तर-पश्चिम की ओर हो गया है। साथ ही हवा में नमी कम होने और रेगिस्तानी इलाकों से आने वाली गर्म हवाओं के कारण तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है।
पूर्वानुमान है कि 15 मार्च के बाद मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के पूर्वी और दक्षिणी इलाकों में हल्के बादल छाने और बूंदाबांदी की संभावना है। आमतौर पर प्रदेश में तेज गर्मी का दौर मार्च के दूसरे पखवाड़े में शुरू होता है, लेकिन इस बार ट्रेंड पहले ही बदल गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत
