भोपाल, 09 फरवरी (हि.स.) । मध्य प्रदेश में ठंड का असर अभी बना रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अगले दो दिन तक तेज सर्दी पड़ेगी। इस दौरान ग्वालियर-चंबल के साथ रीवा और शहडोल संभाग के कई शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार रात प्रदेश के 13 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम रिकॉर्ड किया गया। बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 10.4 डिग्री, इंदौर में 10.6 डिग्री, ग्वालियर में 11.2 डिग्री, उज्जैन में 12 डिग्री और जबलपुर में 11.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। प्रदेश के सबसे ठंडे स्थानों में कटनी का करौंदी और शहडोल का कल्याणपुर शामिल रहे। करौंडी में तापमान 5.6 डिग्री और कल्याणपुर में 6.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा पचमढ़ी, उमरिया और खजुराहो में 8.4 डिग्री, राजगढ़ में 8.5 डिग्री, शिवपुरी में 9 डिग्री, रीवा और मलाजखंड में 9.1 डिग्री, नौगांव में 9.5 डिग्री, मंडला में 9.6 डिग्री और दतिया में 9.8 डिग्री तापमान रहा।
रविवार सुबह ग्वालियर-चंबल अंचल में हल्का कोहरा देखने को मिला। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल प्रदेश में कोहरा या बारिश की कोई चेतावनी नहीं है। दिन के समय धूप तेज रहेगी, लेकिन भोपाल, सीहोर, गुना, ग्वालियर, भिंड और मुरैना जैसे जिलों में ठंडी हवाएं चलेंगी। देर रात और सुबह के समय ठंड का असर अधिक महसूस होगा। पूर्वानुमान है कि 10 फरवरी को हल्का कोहरा रहेगा। बारिश का कोई अलर्ट नहीं, लेकिन ठंड का असर बना रहेगा। जबकि 11 फरवरी को कई जिलों में हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है।
मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में आज 9 फरवरी से नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो रहा है, जिसका असर मध्य प्रदेश में भी देखने को मिलेगा। 12 फरवरी से मावठा गिरने की संभावना जताई गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत
