– 242.22 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास और बड़े तालाब के सौंदर्यीकरण का करेंगे शुभारंभ

भोपाल, 14 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शनिवार को कटनी जिले के प्रवास पर बरही (विजयराघवगढ़) में आयोजित किसान सम्मेलन में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री 243.22 करोड़ रुपये के निर्माण व विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे।
जनसम्पर्क अधिकारी मनोज श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत बरही के बड़े तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का शुभारंभ करेंगे और बरही के बड़े तालाब से श्री विजयनाथ धाम मंदिर प्रांगण सभा स्थल तक आभार रैली में शामिल होंगें।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव किसान सम्मेलन में कृषि एवं उससे संबंधित विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। वे प्रधानमंत्री कृषक मित्र योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना, सुपर सीडर, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, स्व-सहायता समूह बैंक योजना और रिस्पोंसिबल टूरिज्म होम स्टे से लाभान्वित 7 हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण करेंगे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर
