फिरोजाबाद, 04 फ़रवरी (हि.स.)। मक्खनपुर थाना पुलिस टीम ने बुधवार को हत्यारे पिता को गिरफ्तार किया है। उसने दो दिन पूर्व घर के अंदर बेटे की हत्या की थी। इसकी वजह संपत्ति, पत्नी से विवाद और उसे शक था कि पुत्र उसकी संतान नहीं है। इसलिए उसने हसिए से वार करके बेटे की हत्या की थी।

सीओ शिकोहाबाद अमरीश कुमार ने बताया कि दाे फरवरी को सब्जी मंडी से श्रीराम ग्लास फैक्ट्री की तरफ जाने वाले रास्ते में स्थित प्रथम मकान में हत्या की सूचना मिली थी। पुलिस टीम जब मौके पर घर के अन्दर पहुंची तो खून पड़ा था। खोजबीन में बच्चे मयंक (11) का शव बक्शे में मिला। इस मामले में बच्चे की मां उर्मिला की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ। वहीं, घटना के बाद से उर्मिला का पति राजेश घर से फरार था, पुलिस काे उस पर शक हाेने पर उसकी तलाश शुरु कर दी।

थानाध्यक्ष चमन कुमार शर्मा ने पुलिस टीम के साथ बुधवार को राजेश कुमार को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही से सरसो के खेत से घटना में प्रयुक्त आला कत्ल (एक हंसिया) बरामद कर लिया। राजेश ने ही मयंक की हत्या की थी।
सीओ ने बताया कि पूछताछ में अभियुक्त का कहना है उसकी शादी करीब 22 वर्ष पूर्व उर्मिला से हुई थी। वह शराब पीने का आदी था जिसके चलते उसका अपनी पत्नी से विवाद रहता था। उसकी पत्नी व पत्नी के मायके वालों ने उसके पिता रामकिशन से मकान को मृतक मयंक के नाम पर बैनामा कराया था। अभियुक्त को संदेह था कि मयंक उसका पुत्र नहीं है। इसी के चलते उसने योजना के तहत बेटे मयंक की हत्या कर दी। शव को बक्शे में रखकर फरार हो गया। पुलिस ने हत्यारोपित के विरुद्ध विधिक कार्यवाही कर उसे जेल भेज दिया।————-
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़
