भीलवाड़ा, 15 मार्च (हि.स.)। जिले के गंगापुर क्षेत्र में रविवार सुबह एक महिला पर लेपर्ड ने हमला कर दिया। महिला ने हिम्मत दिखाते हुए हाथ में मौजूद दांतली (घास काटने का औजार) से लेपर्ड का सामना किया। करीब तीन से चार मिनट तक दोनों के बीच संघर्ष चलता रहा। महिला की चीख सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने लाठियां दिखाकर लेपर्ड को भगाया और महिला की जान बचाई। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

घटना गंगापुर के बालाजी नगर क्षेत्र में रविवार सुबह की है। घायल महिला समता (40) पत्नी किशनलाल जाट ने बताया कि वह सुबह अपने खेत की ओर जा रही थी। रास्ते में झाड़ियों के पास पहले से घात लगाए बैठे लेपर्ड ने अचानक उस पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से वह संभल भी नहीं पाई और लेपर्ड ने उसके सिर और हाथों पर पंजों से कई वार कर दिए। इस दौरान महिला के पास मौजूद दांतली ही उसका सहारा बनी।
समता ने बताया कि उसने खुद को बचाने के लिए लेपर्ड पर दांतली से लगातार वार करने शुरू कर दिए। हालांकि इसके बावजूद लेपर्ड पीछे नहीं हटा और उसने महिला के शरीर के कई हिस्सों पर दांत गड़ा दिए।
महिला ने बताया कि एक समय तो लेपर्ड ने उसका पैर मुंह में दबा लिया और घसीटने की कोशिश भी की। इसके बावजूद वह लगातार चिल्लाती रही और दांतली से उसका सामना करती रही। करीब तीन से चार मिनट तक चले इस संघर्ष के दौरान महिला की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने लाठियां दिखाकर और शोर मचाकर लेपर्ड को वहां से भगा दिया। इसके बाद घायल महिला को तुरंत सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है।
घटना के बाद से समता काफी दहशत में है। वहीं ग्रामीणों में भी डर का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से खेतों और आसपास के जंगलों में लेपर्ड की आवाजाही देखी जा रही थी। कई लोगों ने सुबह और शाम के समय उसे खेतों के आसपास घूमते हुए भी देखा था।
ग्रामीणों ने वन विभाग से लेपर्ड को पकड़ने और क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग खेतों में अकेले जाने से भी डर रहे हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित
