वाराणसी, 26 फरवरी(हि. स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी के चौकाघाट स्थित मुख्यालय में एनडीआरएफ के बचावकर्मियों को प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा ने महत्वपूर्ण बिंदुओं को साझा किया। उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा ने कहा कि वर्ष भर आपातकालीन परिस्थितियों की भयावहता हो या त्योहारों का उल्लास, मानसून की तेज़ बौछारें हों या शीत ऋतु की कठोरता—एनडीआरएफ के बचावकर्मी अपने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य की परवाह किए बिना हर परिस्थिति में मानव जीवन की सुरक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहते हैं।

उप महानिरीक्षक ने कहा कि

बचाव कार्मिकों की अत्यंत कठिन एवं चुनौतीपूर्ण कार्यप्रणाली को ध्यान में रखते हुए मानसिक स्वास्थ्य पर केंद्रित जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस विशेष पहल का उद्देश्य बचाव कार्मिकों की पेशेवर दक्षता को सुदृढ़ करना, व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करना, बेहतर तनाव प्रबंधन के उपायों से अवगत कराना तथा उनके मानसिक स्वास्थ्य को सशक्त बनाना है।
कार्यक्रम में मनोवैज्ञानिक एवं सोशल मीडिया फाउंडेशन की निदेशक डॉ. संहिता चौधरी ने भी बचाव कार्मिकों से संवाद स्थापित किया। उन्होंने उनकी समस्याओं और अनुभवों पर विस्तृत चर्चा की तथा कठिन परिस्थितियों में कार्य करते हुए मानसिक दृढ़ता, सकारात्मक सोच और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने के प्रभावी उपाय साझा किए।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / शरद
