मुंबई, 14 मार्च (हि.स.)। महाराष्ट्र के मालाड के कुरार गांव इलाके में शनिवार को तेंदुए के हमले में दो लोग घायल हो गए। दोनों घायलों का इलाज शताब्दी अस्पताल में हो रहा है। वन विभाग के टीम ने तेंदुएं को पकड़ लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

कुरार पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने बताया कि आज सुबह कुरार में रहने वाले दो लोग पानी लेने के लिए बाहर गए थे। इसी दौरान पहले से घात लगा कर बैठे तेंदुएं ने दोनों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले के बाद दोनों चिल्लाने लगे, जिससे आस पास के लोग जमा हो गए और तेंदुआ वहां से भाग गया। इस घटना की जानकारी वन विभाग को दी गई। इसके बाद वन विभाग के अधिकारी डॉ. निखिल बांगर के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। तेंदुआ पास ही छिपकर बैठा था। उसे वन विभाग की टीम ने बेहोश कर पकड़ लिया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव
