मुंबई, 31 मार्च (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुंबई के सायन अस्पताल के एक्स-रे विभाग में मंगलवार को अचानक आग लग जाने से हडक़ंप मच गया। आग की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया है। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। इस घटना की छानबीन सायन पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज दोपहर करीब १२ बजे सायन अस्पताल के एक्स-रे विभाग के आग लग गई थी। मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम ने पहुंच कर आग बुझा दिया है। मौके पर कुलिंग का काम जारी है। इसके बाद आग लगने के कारणों का पता लगाया जा सकेगा।
सायन अस्पताल के डीन डॉ. प्रमोद इंगले ने बताया कि आज एक्स-रे विभाग के एयर कंडीशनिंग यूनिट में अचानक एक धमाके के कारण लग गई थी। उस जगह से घना धुआँ उठा, जिससे मरीज़ों और स्टाफ़ में थोड़ी देर के लिए अफऱा-तफऱी मच गई थी। लेकिन खुशकिस्मती से इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। इस घटना में किसी भी उपकरण को कोई नुकसान नहीं पहुँचा है। लेकिन इमारत के ढाँचे को थोड़ा-बहुत नुकसान पहुँचा है। अस्पताल में सभी मरीज सुरक्षित हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव
