मुंबई, 08 फरवरी (हि.स.)। मुंबई महानगरपालिका की ओर से भा.खला स्थित वीरमाता जीजाबाई भोसले बॉटनिकल गार्डन व चिड़ियाघर (रानीबाग) में तीन दिवसीय मुंबई पुष्प महोत्सव का आयोजन किया गया था। इसमें डेढ़ लाख से अधिक मुंबई वासियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और महोत्सव का आनंद उठाया।

मनपा के वृक्ष प्राधिकरण की ओर से रानीबाग में हर लास की तरह इस साल भी मुंबई पुष्प महोत्सव का आयोजन किया गया था। यह तीन दिवसीय महोत्सव शुक्रवार 6 फरवरी से रविवार 8 फरवरी तक आयोजित किया गया था। रंग-बिरंगे फूलों से सजे संगीत के इंस्ट्रूमेंट्स को देखने के लिए मुंबईकरों की लगातार भीड़ लगी रही। महोत्सव में अलग-अलग तरह के पौधों और फूलों से सजावट की गई थी। बहुत से लोग फलों और फूलों, सब्जियों को देखने और गार्डन के लिए खाद व औजार खरीदने के लिए जमा हुए थे।
हर साल खास कॉन्सेप्ट पर महोत्सव का आयोजन किया जाता है। इस साल संगीत की दुनिया के विभिन्न म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट्स की कॉपी पर आधारित था। इसमें बांसुरी, तबला, वीणा, सितार, मृदुंग, गिटार, पेटी, ताल, सनाई, तुतारी, सैक्सोफोन जैसे म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट्स को रंग-बिरंगे फूलों की सजावट से बनाया गया था। उद्यान अधीक्षक जितेंद्र परदेशी ने बताया कि मुंबई के अलग-अलग स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों के अलावा पर्यावरण प्रेमी और विशेषज्ञ फेस्टिवल में आए। फिल्मी कलाकार वर्षा उसगांवकर, रंजीत के अलावा कई फिल्मी स्टार और जानी मानी हस्तियों ने उपस्थिति दर्ज कराई।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार
