जयपुर, 14 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान होण्डा कार्स इंडिया लिमिटेड के पहले इलेक्ट्रिक वाहन मॉडल ‘होण्डा 0 अल्फा’ का अनावरण किया। यह वाहन राजस्थान के अलवर जिले स्थित टपूकड़ा संयंत्र में निर्मित होगा, जिसका उत्पादन इसी वर्ष शुरू होने जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि होण्डा द्वारा अपने पहले इलेक्ट्रिक वाहन के उत्पादन के लिए राजस्थान का चयन किया जाना प्रदेश के लिए गर्व की बात है। यह राज्य सरकार की प्रभावशाली निवेश नीतियों पर वैश्विक कंपनियों के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट’ की तैयारियों के तहत सितंबर 2024 में जापान यात्रा के दौरान उन्होंने होण्डा के शीर्ष प्रबंधन को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया फॉर द वर्ल्ड’ के आह्वान के अनुरूप राजस्थान में इलेक्ट्रिक वाहन निर्माण और निवेश के लिए आमंत्रित किया था। साथ ही राज्य सरकार की ओर से आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया गया था।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हरित ऊर्जा और ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा देने के साथ रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। राजस्थान में सौर ऊर्जा की अपार संभावनाएं हैं और इलेक्ट्रिक वाहनों के उत्पादन से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि टपूकड़ा संयंत्र को इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रमुख उत्पादन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे प्रदेश में आगे भी निवेश बढ़ने की संभावनाएं मजबूत होंगी। इससे पेट्रोल और डीजल पर निर्भरता कम होगी तथा पर्यावरणीय संतुलन के साथ औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद पर अनुदान, सिंगल विंडो प्रणाली के माध्यम से चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना तथा ‘राजस्थान वाहन स्क्रैपिंग नीति’ के तहत 15 वर्ष से अधिक पुराने वाहनों को स्क्रैप कराने और नए वाहन खरीदने पर छूट जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। बैठक में होण्डा कार्स इंडिया लिमिटेड के प्रेसिडेंट एवं सीईओ ताकाशी नाकाजिमा ने बताया कि टपूकड़ा संयंत्र भारत में कंपनी का प्रमुख उत्पादन केंद्र है, जहां से देश के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों के लिए भी कारों और ऑटो पार्ट्स का निर्माण किया जाता है।
उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की दिशा में यह पहल कंपनी के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।
उन्होंने यह भी बताया कि राजस्थान में होण्डा ने अपने सप्लायर नेटवर्क और दोपहिया संयंत्रों के माध्यम से ऑटो एवं ऑटो पार्ट्स की मजबूत आपूर्ति श्रृंखला विकसित की है। टपूकड़ा संयंत्र में निर्मित ‘मेड इन इंडिया’ इलेक्ट्रिक वाहन घरेलू बाजार के साथ-साथ कई देशों में निर्यात भी किए जाएंगे।
बैठक में जापान से आए होण्डा प्रतिनिधिमंडल के सदस्य, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित
