नूंह, 10 मार्च (हि.स.)। नूंह जिले की पुनहाना सीआईए टीम ने अंतरराज्यीय अपराध के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए मेघालय में हुई एटीएम लूट के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।

आरोपी को गिरफ्तार कर मेघालय पुलिस के हवाले कर दिया गया है। यह कार्रवाई मेघालय पुलिस की तकनीकी जांच और पुनहाना पुलिस के आपसी समन्वय से संभव हो सकी।
पुलिस प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि मेघालय के ईस्ट खासी हिल्स जिले के मावनगाप थाना क्षेत्र में 8 फरवरी को एटीएम लूट का मामला दर्ज किया गया था। आरोपियों ने एटीएम मशीन को काटकर उसमें रखी लाखों रुपये की नकदी लूट ली थी।
घटना के बाद मेघालय पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की, जिसमें इस वारदात में हरियाणा के मेवात क्षेत्र के एक युवक की संलिप्तता सामने आई।
जांच में पता चला कि हरियाणा के मेवात क्षेत्र के वाजिदपुर (थाना पिनंगवा) निवासी राहुल खान इस लूट का मुख्य साजिशकर्ता है। इसके बाद मेघालय पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए नूंह पुलिस से संपर्क किया और सहयोग मांगा।
इस सूचना पर पुनहाना सीआईए प्रभारी निरीक्षक संदीप मोर के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल खान को उसके एक ठिकाने से काबू कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को नियमानुसार मेघालय पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नूंह जिला पुलिस अंतरराज्यीय अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया
